नई दिल्ली, 9 अगस्त। मध्य दिल्ली के चांदनी महल इलाके में शनिवार शाम एक पुरानी इमारत का हिस्सा ढह गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम करीब 05:00 बजे थाना चांदनी महल में सूचना मिली कि एक पुरानी इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया है और उसका मलबा बिजली की तारों पर आ गिरा है। मलबे के वजन से बिजली का एक खंभा टूट गया और तारें सड़क पर गिर गईं।
सूचना मिलते ही एसएचओ चांदनी महल, एसआई दिलीप, इमरजेंसी ऑफिसर और बीट स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जांच में सामने आया कि यह हादसा मकान नंबर 2027, कूचा चलान में हुआ। यह एक पुरानी और जर्जर इमारत है जो वर्तमान में खाली पड़ी है, हालांकि भूतल पर दो दुकानें संचालित हो रही हैं। इमारत की ऊपरी मंजिल की सीढ़ियों का एक हिस्सा नीचे पहली मंजिल की सीढ़ियों पर गिर गया। वहीं से मलबा पास की बिजली की तारों पर जा गिरा, जिससे सटा हुआ बिजली का खंभा टूट गया।
घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस ने तुरंत बीएसईएस और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र को घेर लिया गया है और लोगों को वहां से हटा दिया गया है। फिलहाल मरम्मत का कार्य जारी है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और संबंधित एजेंसियों की सहायता के साथ-साथ भीड़ को नियंत्रित करने और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने में जुटा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।