नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के भजनपुरा थाना पुलिस ने फायरिंग की वारदात को महज 12 घंटे में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
6-7 अक्टूबर की दरमियानी रात थाना भजनपुरा को फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता राजू उस्मानी (55 वर्ष), निवासी सुभाष मोहल्ला, नॉर्थ घोंडा ने बताया कि जहीर मिस्त्री ने फोन कर कहा कि उसके नौकर रिजवान ने उसकी कार को नुकसान पहुंचाया है। फोन पर ही दानिश नाम के युवक ने गाली-गलौज की।
इसके बाद राजू उस्मानी वेलकम प्रॉपर्टी, शैतान चौक, सुभाष विहार पहुंचे, जहां जहीर और दानिश से बहस हो गई। दानिश ने फोन कर तीन अन्य लोगों को बुला लिया। बीच-बचाव करने आए इमरान पर जहीर ने राजू उस्मानी को निशाना बनाकर पिस्टल से फायर कर दिया, लेकिन गोली इमरान की पीठ में लग गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल इमरान को राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में थाना भजनपुरा में FIR No. 428/26 धारा 109(2)/3(5) BNS व 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और दो मोटरसाइकिल बरामद कीं।
SHO भजनपुरा इंस्पेक्टर सत्यवान लाठवाल के नेतृत्व में ACP भजनपुरा की देखरेख में टीम ने CCTV फुटेज और लोकल इनपुट के आधार पर आरोपी जहीर अहमद (35 वर्ष) पुत्र अविब अहमद, निवासी सुभाष विहार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद था। राजू उस्मानी के बेटे तैय्यब और नौकर रिजवान उर्फ मोदी ने उसकी नैनो कार को नुकसान पहुंचाया था, जिसके बाद झगड़ा बढ़ने पर उसने फायरिंग कर दी।
पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी: जहीर अहमद (35) वर्ष के पास से 1 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 2 मोटरसाइकिल बरामद हुई है।