मध्य प्रदेश से आई दो नाबालिग बहनें दिल्ली में मिलीं, पिता से मिलाया

नई दिल्ली, 24 नवंबर। मध्य प्रदेश से घर छोड़कर दिल्ली आई दो नाबालिग बहनों को मध्य जिला पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर उनके पिता से मिला दिया।

17 सितंबर को एसआई किरण सेठी, महिला कांस्टेबल रीना और सुनीता क्षेत्र में गश्त कर रही थीं, तभी ई-रिक्शा से उतरती दो घबराई हुई लड़कियां अकेली पैदल जाती दिखीं। पुलिस टीम ने उन्हें रोका और संवेदनशील तरीके से बातचीत की।

शुरुआत में लड़कियों ने अपना नाम-पता और परिवार के बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस ने उसी दिन दोनों को उड़ान शेल्टर होम में सुरक्षित ठहराया।

करीब दो महीने तक महिला पुलिसकर्मियों ने लगातार काउंसलिंग की। धीरे-धीरे भरोसा जीतने पर लड़कियों ने बताया कि वे 10 और 17 साल की हैं और मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि घर की आर्थिक तंगी और पिता के डांटने से परेशान होकर वे बिना बताए काम की तलाश में दिल्ली आ गई थीं।

पुलिस ने लगातार प्रयास कर उनके पिता का पता लगाया। 23 नवंबर को पिता को दिल्ली बुलाया गया। सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर दोनों बहनों को पिता को सौंप दिया गया।

इस दौरान छोटी बच्ची ने पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई, जिस पर पुलिस ने उसे स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी किट भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *