दिल्ली पुलिस ने किया साइबर निवेश ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 नवंबर। उत्तर-पूर्वी जिले की साइबर पुलिस ने 24 लाख रुपये की साइबर निवेश ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बगीचा (26), धर्मिंदर सिंह बराड़ (37) और प्रबोध कुमार (59) के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के रहने वाले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि ठगी में इस्तेमाल हुए खाते से देशभर की 18 शिकायतें जुड़ी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, करावल नगर निवासी विक्रम सिंह की शिकायत पर 15 सितंबर 2026 को साइबर थाने में ई-एफआईआर नंबर 00233/2026 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता को सोशल मीडिया ऐप के एक ग्रुप के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन योजना में निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में प्लेटफॉर्म पर भारी मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीता गया, लेकिन जब उसने रकम निकालनी चाही तो अलग-अलग बहानों से और पैसे जमा करने को कहा गया। ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि शिकायतकर्ता को प्रेरित करने वाले लोग विदेश से संचालित हो रहे थे। बैंक खातों की जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 3,01,164.82 रुपये 14 सितंबर 2026 को अमृतसर स्थित एक वूलेन मिल्स के नाम के खाते में जमा हुए थे।

14 नवंबर को पूछताछ के दौरान खाताधारक प्रबोध कुमार ने खाते से जुड़े दस्तावेज गुम होने का दावा किया और लेन-देन की जानकारी से इनकार कर दिया। इसके बाद मोबाइल डिवाइस और सिम गतिविधि सहित तकनीकी व वित्तीय विश्लेषण किया गया। जांच में बगीचा नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया, जिसे गुरुग्राम के एक होटल से पकड़ा गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें ठगी से जुड़े लोगों से संपर्क के अहम सुराग मिले।

बगीचा की पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान धर्मिंदर सिंह बराड़ का नाम सामने आया, जिसे 18 नवंबर को अबोहर, पंजाब में छापा मारकर पकड़ा गया। उसके पास से बैंक खाते से जुड़ा रेडमी मोबाइल फोन गुरुग्राम के एक होटल से बरामद हुआ। साथ ही एक अन्य मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें साइबर ठगी से जुड़े सहयोगियों से चैट मिली।

जांच में पता चला कि आरोपी ठगी की रकम प्राप्त करने और ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते संचालित कराने में मदद करते थे और बदले में कमीशन लेते थे, जिसमें क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेन-देन भी शामिल था। 23 नवंबर को खाताधारक प्रबोध कुमार को भी कमीशन के बदले अपना बैंक खाता ठगी की रकम रूट करने के लिए देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *