अशोक कुमार निर्भय
नई दिल्ली। श्रावण मास के पावन अवसर पर राजधानी दिल्ली में भगवान शिव की भक्ति और सेवा का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में सर्व समाज सनातन धर्म कांवड़ सेवा समिति (रजि.) की ओर से मादीपुर में पहली बार विशाल कांवड़ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन निगम पार्षद उर्मिला गंगवाल ने किया। मादी पुर मेट्रो स्टेशन के समीप रोहतक रोड पर पिलर नंबर 175 से 180 के बीच लगाए गए इस शिविर का उद्घाटन 7 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे किया गया। शिविर 11 अगस्त 2026 तक चलेगा, जहां कांवड़ लेकर हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों से लौट रहे शिवभक्तों के लिए चौबीसों घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी।
समिति की ओर से अध्यक्ष देविन्द्र यादव (डी. के) ने सभी शिव भक्तों और श्रद्धालुओं को पावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया गया है। समिति का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला अवसर है। इसी उद्देश्य से शिविर में कांवड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है।
सर्व समाज सनातन धर्म कांवर सेवा समिति ने बताया कि यह उसका पहला विशाल कांवड़ शिविर है। jiska शिविर का संचालन निरंतर चौबीसों घंटे किया जाएगा, ताकि दिन-रात दिल्ली से गुजरने वाले भोले के भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपना समय निकालकर शिविर में आएं और कांवड़ियों की सेवा में सहभागी बनकर पुण्य कमाएं।
श्रावण के दौरान दिल्ली की सड़कों पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ जाती है। भगवा रंग में रंगे कांवड़िये हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हैं। ऐसे में रास्ते में सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनते हैं। इन शिविरों में विश्राम, भोजन, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं के माध्यम से कांवड़ियों की सेवा की जाती है। मादीपुर में आयोजित यह शिविर भी इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। शिव भक्तों से भी अपील की गई है कि वे सेवा कार्य में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दें। समिति का उद्देश्य है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवड़िये को अपनापन और सहयोग का अनुभव हो तथा उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित बने।
शिविर के आयोजन में समिति के चेयरमैन महेश यादव, प्रधान देवेंद्र यादव (डी.के) , महामंत्री लक्ष्मण दास और कोषाध्यक्ष बाबू लाल गोयल की प्रमुख भूमिका है। समिति ने दिल्लीवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।
मादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास रोहतक रोड पर आयोजित इस शिविर से क्षेत्र में भी धार्मिक उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है। श्रावण के इस पावन अवसर पर जहां श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में जुटे हैं, वहीं कांवड़ियों की सेवा के माध्यम से सामाजिक एकजुटता और सनातन परंपरा की सेवा भावना को भी मजबूती मिल रही है। शिविर 11 अगस्त तक चलेगा और इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों के यहां पहुंचने की संभावना है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ सेवा कार्य में भाग लेने की अपील की है।