रात में ऑफिस का ताला तोड़कर 4.20 लाख की चोरी, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली :मध्य जिला के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने रात में हुई 4.20 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की रकम से खरीदे गए मोबाइल फोन और 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

11 सितंबर की सुबह थाने में शिकायत मिली थी कि ऑफिस के शटर का ताला खोलकर काउंटर की दराज में रखे 4,20,000 रुपये चोरी हो गए। इस पर थाना आनंद पर्वत में FIR No. 512/26 धारा 331(4)/305(a)/317(2)/61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र के नेतृत्व में SI गौरव, HC सुरेश और HC Kailash की टीम गठित की गई। ACP पटेल नगर सुनील मित्तल की देखरेख में टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई की।

जांच में मुख्य आरोपी विजय उर्फ छोटू (41) को 12 सितंबर को बराठ मल्ला, पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके रिश्तेदार संजय भट्ट (45) निवासी बलजीत नगर की साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, संजय पिछले 20-25 साल से शिकायतकर्ता के ऑफिस में काम कर रहा था और उसे नकदी की जानकारी थी। उसी ने विजय को कैश के बारे में बताया और चोरी की रात जानबूझकर शटर का ताला खुला छोड़ दिया।

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों से 29 हजार नकद और चोरी के पैसों से खरीदा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बाकी रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *