रूप नगर में बुजुर्ग दंपति से हथियार के बल पर लूट का खुलासा, पूर्व नौकरानी समेत 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली। रूप नगर इलाके में 74 वर्षीय बुजुर्ग दंपति के घर में हुई सनसनीखेज नाइट रॉबरी का उत्तर जिले की स्पेशल स्टाफ और रूप नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है।

6-7 अगस्त की रात करीब 3 बजे 4 हथियारबंद बदमाशों ने पानी की मोटर चालू करने के लिए दरवाजा खोलने पर घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया था और 10 लाख कैश, सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। बदमाश घर का CCTV DVR भी साथ ले गए थे। इस पर थाना रूप नगर में FIR No. 139/2026 दर्ज की गई थी।

500 CCTV, 1000 KM और 13 दिन की दौड़

डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट के मुताबिक, केस की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर रोहित सारस्वत और SHO रमेश चंद्र के नेतृत्व में दो टीमें बनाई गईं। टीम ने 500 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले और UP के कई जिलों में 1000 KM तक पीछा कर 13 दिन की मेहनत के बाद आरोपियों की पहचान की।

जांच में पता चला कि इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि शिकायतकर्ता के घर की पूर्व नौकरानी सरोज (54) है। सरोज 15 साल तक उनके घर काम करती थी, लेकिन 3 साल पहले 50 हजार की चोरी के बाद उसे निकाल दिया गया था। उसे घर में रखे कैश, लॉकर और जेवरात की पूरी जानकारी थी और घर में बुजुर्ग दंपति अकेले रहते हैं ये भी पता था।

सरोज ने ये जानकारी अपने बेटे मनोज उर्फ लाला (28) को दी। मनोज ने अपने साथी नवरतन के रिश्तेदारों मथुरा और फिरोजाबाद से राम खिलाड़ी, दीपक और भीम को दिल्ली बुलाया। वारदात के वक्त मनोज बसे डारापुर में रुका रहा ताकि पहचाना न जाए।

पुलिस पर फायरिंग कर भागा मुख्य आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड में मुख्य आरोपी राम खिलाड़ी पर लूट-हत्या के 5 केस और दीपक पर 15 संगीन केस दर्ज हैं। 9 अगस्त को मथुरा के माधवान टोल प्लाजा पर घेराबंदी के दौरान राम खिलाड़ी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी 2 राउंड फायर किए, लेकिन अंधेरे और ट्रैफिक का फायदा उठाकर वो फरार हो गया। उस पर थाना फरह, मथुरा में अलग केस दर्ज है।

पुलिस ने बुधवार देर शाम सरोज, उसके बेटे मनोज और उसके साथी राजीव उर्फ रामू (25) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 2.08 लाख रुपये कैश, 250 ब्रिटिश पाउंड, 160 अमेरिकी डॉलर और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है। बाकी 3 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *