नई दिल्ली, 7 अगस्त। रोहिणी जिला पुलिस ने चोरी और सेंधमारी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए प्रशांत विहार थाने की टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त रोहिणी शशांक जायसवाल के अनुसार, ACP आर.पी. मीणा की देखरेख में SHO प्रशांत विहार इंस्पेक्टर विवेकानंद के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल योगेश, नाहर सिंह और कांस्टेबल दिनेश की टीम गठित की गई थी।
टीम ने 3 अगस्त को गश्त के दौरान दो संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान अली हुसैन (35) और हसीफुल उर्फ बटला (35) निवासी गांव राजापुर, सेक्टर-9 रोहिणी के रूप में हुई। तलाशी में उनके कब्जे से एक चोरी का LED टीवी बरामद हुआ।
सख्त पूछताछ में दोनों ने प्रशांत विहार इलाके में हुई कई चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल किया है। इनकी गिरफ्तारी से चोरी के 4 मामले सुलझ गए हैं। अली हुसैन पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।