नई दिल्ली, 21 सितंबर।
मध्य जिले के डीबीजी रोड थाने के शिदीपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार आज शाम करीब 6:30 बजे कुछ स्थानीय लोग एक 6 वर्षीय बच्ची और उसके परिजनों के साथ शिदीपुरा चौकी पहुंचे। उनके साथ एक व्यक्ति भी था जिसे उन्होंने पकड़ रखा था। लोगों ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति को किशनगंज इलाके में बच्ची के साथ गलत हरकत करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
आरोपी की पहचान इस प्रकार हुई है –
नाम: अंकित, उम्र 34 वर्ष, निवासी किशनगंज, दिल्ली।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।
इस संबंध में डीबीजी रोड थाने में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।