दिल्ली से ऋषिकेश तक पीछा, सैकड़ों CCTV खंगाल कर दबोचे आरोपी; सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद
नई दिल्ली: उत्तर जिले के थाना वजीराबाद की संगम विहार पुलिस चौकी की टीम ने मकान में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर दो चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, 42,670 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और सेंधमारी के औजार बरामद हुए हैं।
निहारिका भट्ट डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 10 अक्टूबर 2026 को वजीराबाद निवासी संजीव भौमिक ने शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। इस पर थाना वजीराबाद में FIR No. 80086467/2026, धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO प्रशांत आनंद के नेतृत्व और ACP बुराड़ी शशिकांत गौर के निर्देशन में SI नवीन सिंधु (प्रभारी, PP संगम विहार) की टीम गठित की गई। टीम में ASI अनिल, HC दीपक, संदीप, रोहताश, अंकित बैंसला, सिपाही आशुतोष, नीरज और महिला सिपाही अनुपमा शामिल थे।
सैकड़ों कैमरों से ट्रेल और ऋषिकेश में दबोच: जांच में घटनास्थल के CCTV में दो बदमाश सफेद स्कूटी पर आते दिखे। टीम ने सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और रूट ट्रैकिंग की। लोकल इंटेलिजेंस से पता चला कि आरोपी भजनपुरा के रहने वाले हैं और 14 अक्टूबर को दिल्ली से शिवपुरी, ऋषिकेश भाग गए हैं। तकनीकी निगरानी के जरिए 15 अक्टूबर को मुख्य आरोपी समीर उर्फ सद्दाम (23) को शिवपुरी, ऋषिकेश, उत्तराखंड से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी मुजम्मिल उर्फ मोनू (26) को उसी दिन भजनपुरा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा: दोनों ने माना कि उन्होंने कुछ दिन पहले हरदेव नगर में भी एक घर में चोरी की थी, जिस संबंध में थाना वजीराबाद में e-FIR No. 80080272/2026 दर्ज है।
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की स्कूटी पर सवार होकर सुनसान इलाकों में बंद मकानों की रेकी करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए स्कूटी की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
आरोपियों के पास से नकद 42,670 रुपये, सोने की चेन, मंगलसूत्र, 5 अंगूठी, 2 जोड़ी झुमके, चांदी की 2 चेन, 4 जोड़ी बिछिया, चम्मच, 2 सिक्के, कमरबंद, सिंदूरदानी, कंगन, एक पर्स, ताला तोड़ने के औजार, गैस बर्नर (सोना पिघलाने वाला), इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वारदात में पहने कपड़े और चोरी की स्कूटी।
दोनों आरोपी स्कूल ड्रॉपआउट हैं। आगे की जांच जारी है।