स्पेशल सेल को मिली बड़ी कामयाबी, टिल्लू-कौशल-गुरविंदर बाबा गैंग के 3 शार्प शूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 10 अगस्त। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, साउथ-वेस्टर्न रेंज ने जबरन वसूली के लिए फायरिंग की साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया-कौशल चौधरी-गुरविंदर बाबा गैंग के तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ मोनू (33), नयन अग्रवाल (25) और दुर्गेश राय उर्फ डेविल (22) के रूप में हुई है। इनके पास से 2 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

नारा चैतन्य डीसीपी स्पेशल सेल के मुताबिक, यह कार्रवाई एसीपी पूरन चंद्र पंत की निगरानी में इंस्पेक्टर संदीप यादव और नीरज कुमार की टीम ने की। 2 अगस्त को पश्चिम विहार के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास जाल बिछाकर पहले हेमंत और नयन को पकड़ा गया। पूछताछ में मिले इनपुट पर 8 अगस्त को तीसरे आरोपी दुर्गेश को रोहिणी से दबोचा गया।

जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों अमेरिका में बैठे गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ बाबा के इशारे पर काम कर रहे थे। आरोपी मई में चंडीगढ़ में दो सैलून पर फायरिंग करने की फिराक में थे। इससे पहले ये जीरकपुर से हथियारों की खेप भी ला चुके हैं।

मुख्य आरोपी हेमंत गैंग के लिए लॉजिस्टिक और फाइनेंस का काम देखता था। वहीं दुर्गेश सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *