विशेष संवाददाता चिमन लाल
एक अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा ऑनलाइन पोर्टल
रोहतक
स्थानीय सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने बताया कि अग्निवीर योजना तथा रेगुलर एंट्री के तहत वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है, जो आगामी 1 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल 1 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। सेना भर्ती निदेशक ने बताया कि भर्ती वर्ष 2027 के लिए भर्ती दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (ऑनलाइन सीईई) आयोजित की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण भर्ती रैली का होगा। भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अपना पंजीकरण सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर करवाना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1अप्रैल 2026 के उपरांत बंद कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि रोहतक, झज्जर, सोनीपत एवं पानीपत जिलों के 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच जन्मे युवा तथा 10वीं या 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण या परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता शर्तें पूरा करते हों। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी सक्रिय रखना अनिवार्य है। आवेदन करने से पूर्व सभी उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढक़र भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है। भर्ती निदेशक ने बताया कि अग्निवीर योजना के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास) के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिनके लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य है। रेगुलर एंट्री के तहत सैनिक तकनीकी, नर्सिंग सहायक तथा सिपाही फार्मा के पदों के लिए भी आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए 250 रुपये का शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करवाना होगा।