करोल बाग पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सोने के पार्सल चोरी का मामला सुलझाया

मध्य जिला पुलिस की करोल बाग थाना पुलिस ने कूरियर पार्सल चोरी के मामले को चंद घंटों में सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ 112.82 ग्राम 14 कैरेट सोने का आभूषणों से भरा पार्सल बरामद कर लिया गया है।

31 जुलाई 2026 को थाना करोल बाग में FIR No. 908/26 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता श्री बालाजी कंपनी, पटपड़गंज में काम करता है। उसने बताया कि 30 जुलाई को वह मालिक प्रदीप के कहने पर गणुन लॉजिस्टिक्स, शॉप नंबर 2759, गली नंबर 2, बियाडॉनपुरा, करोल बाग से 14 कैरेट सोने की ज्वेलरी का एक पार्सल लेकर गली नंबर 10, बियाडॉनपुरा में डिलीवरी देने जा रहा था। रास्ते में भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैग की चेन खोलकर पार्सल चुरा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर/SHO थाना करोल बाग के नेतृत्व और ACP कमला मार्केट के देखरेख में HC राजा राम और सिपाही हरि ओम की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने गली नंबर 2 से गली नंबर 10 तक के सभी CCTV फुटेज को बारीकी से खंगाला। एक फुटेज में एक व्यक्ति शिकायतकर्ता के पीछे से बैग खोलकर पार्सल चुराते और भागते हुए साफ दिखाई दिया। लगातार CCTV ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की पहचान भारत उर्फ गुड्डा, निवासी आनंद पर्वत, दिल्ली के रूप में हुई। इसके बाद छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भारत उर्फ गुड्डा, उम्र 27 साल, निवासी आनंद पर्वत, दिल्ली के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह भीड़-भाड़ वाले बाजारों में कीमती सामान ले जाने वालों पर नजर रखता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

आरोपी के पास से चोरी किया गया एक पार्सल जिसमें 112.82 ग्राम 14 कैरेट सोने की ज्वेलरी थी, बरामद की गई है।

जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है ।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि क्या वह अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल है।
इस संबंध में मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *