दिल्ली का जंतर मंतर:दिल्ली पुलिस के ASI पर हमला, प्रदर्शनकारियों ने पीटकर किया घायल

नई दिल्ली। जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायल पुलिसकर्मी की पहचान हेमेंद्र राठी के रूप में हुई है। वह सेंट्रल जिले के नबी करीम थाने में तैनात हैं।

जानकारी के मुताबिक, जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई हेमेंद्र राठी को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।

इस हमले में एएसआई के चेहरे और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक जांच में मुंह और कमर में फ्रैक्चर की बात सामने आ रही है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *