राहुलअग्रवाल आईपीएस , पुलिस उपायुक्त, उत्तर-पूर्व जिला, ने बताया कि नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत दिनांक 15.06.2026 को जिला पार्क, नंद नगरी, उत्तर-पूर्व जिला, दिल्ली में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं एवं स्थानीय समुदाय में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और नशा-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
कलाकारों ने अपने सशक्त एवं प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले गंभीर दुष्परिणामों को उजागर किया। नाटक में नशे के खतरों को दर्शाते हुए रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली और नशे के खिलाफ सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में लगभग 150-175 स्थानीय निवासियों, युवाओं और स्वयंसेवकों के साथ-साथ 20-30 पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रस्तुति के बाद सभी प्रतिभागियों को नशा-मुक्त भारत के संकल्प की शपथ दिलाई गई और अपने-अपने समुदायों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
यह आयोजन ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के उद्देश्यों के अनुरूप नशे के विरुद्ध एक मजबूत संदेश देने और सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने में सफल रहा।