नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग ऑपरेशन में 5 ड्रग्स पैडलर्स और 1 बाल अपचारी को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाइजीरियन महिला सप्लायर भी शामिल है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 1.180 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (OG) जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.1 करोड़ रुपये, 10.530 किलो गांजा, 396.33 ग्राम हेरोइन और 9.76 ग्राम MDMA बरामद की है। इसके अलावा 28,800 रुपये की नकदी, 13 मोबाइल फोन, 2 इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग मटेरियल भी जब्त किया गया है।
चारों ऑपरेशन एक नजर में –
- पहला ऑपरेशन – एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड: 24 जुलाई को मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से संदीप सिंह (29) को पकड़ा। उसके बैग से 1.1 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड बरामद। आरोपी बीकॉम ड्रॉपआउट है और पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी पार्टनर था। थाना मौर्या एन्क्लेव में FIR दर्ज।
- दूसरा ऑपरेशन – गांजा बरामद: 20/21 जुलाई की रात आदर्श नगर के राणा प्रताप रोड पर छापा मारकर आदतन अपराधी जोइनल (34) से 10.530 किलो गांजा बरामद। आरोपी पहले भी 3 मामलों में जेल जा चुका है।
- तीसरा ऑपरेशन – हेरोइन और MDMA नेटवर्क का भंडाफोड़: 19 जुलाई को लाल बाग, आजादपुर में नहीम और एक बाल अपचारी से 100.16 ग्राम हेरोइन बरामद। पूछताछ में नहीम ने उत्तम नगर में रहने वाली नाइजीरियन महिला के बारे में बताया। पुलिस ने ओम विहार फेस-5 से लेडी निवासी आइवरी कोस्ट को पकड़ा, जिसके पास से 9.76 ग्राम MDMA मिली।
- चौथा ऑपरेशन – जहांगीरपुरी: 24 जुलाई को जहांगीरपुरी में एक महिला (25) को पकड़ा। उसके पास से 296.17 ग्राम हेरोइन, 28,800 रुपये, 12 मोबाइल फोन बरामद। महिला पहले भी NDPS केस में गिरफ्तार हो चुकी है।
डीसीपी उत्तर-पश्चिम आकांक्षा यादव ने बताया कि सभी आरोपियों से आगे-पीछे के सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है।