नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी जिले के प्रशांत विहार थाना पुलिस ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर रेड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 मोबाइल फोन, सीबीआई लोगो वाले कपड़े और फर्जी आई-कार्ड की डिजिटल तस्वीरें बरामद हुई हैं।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्रशांत विहार निवासी प्रथम अग्रवाल ने शिकायत दी कि 6 पुरुष और 2 महिलाओं ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उनके घर में घुसने की कोशिश की। फर्जी आई-कार्ड दिखाए, सर्च वारंट मांगने पर धमकाया और डेढ़ घंटे तक घर के बाहर हंगामा किया। पड़ोसियों के जुटने पर आरोपी नोटिस लाने के बहाने फरार हो गए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पिता के मोबाइल पर फर्जी सीबीआई नोटिस भी भेजा था।
इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रशांत विहार में FIR No. 238/2026, धारा 308(2)/351(2)/61(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी, तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में आसिफा (29) – जम्मू-कश्मीर निवासी, राजेंद्र प्लेस में होटल चलाती थी। मुख्य साजिशकर्ता है। पूजा अग्रवाल – करोल बाग के रेस्टोरेंट में पूर्व सिंगर, आसिफा की साथी है। कुलदीप शर्मा (63) – दिलशाद गार्डन निवासी, SBI का पूर्व कर्मचारी है। इसने ही शिकायतकर्ता के घर की जानकारी दी थी। चंदर प्रकाश शर्मा (38) – पूजा का रिश्तेदार है, इलेक्ट्रॉनिक्स मिस्त्री है। इसने ही अन्य लड़कों को जुटाया। शुभम उर्फ गोलू (25) , राजवीर सिंह (21) , नितिन शर्मा (30) – ये तीनों अशोक नगर के रहने वाले हैं और पैसे लेकर फर्जी रेड में शामिल होते थे।
आरोपी पिछले 3-4 महीनों से इसी तरह सीबीआई, ईडी बनकर लोगों को डराकर वसूली कर रहे थे। मोबाइल से मिले वीडियो से पता चला है कि गैंग ने दिल्ली-मुंबई में कई जगह फर्जी रेड की हैं।
इसके पास से 8 मोबाइल फोन, सीबीआई मार्का कपड़े, फर्जी आई-कार्ड के स्क्रीनशॉट और घटना की सीसीटीवी फुटेज बरामद हुई है।
कार्रवाई में SI परमिंदर, SI विकास सिंह, HC अंशुल, HC सूर्या, सिपाही कपिल, महिला सिपाही नीतू और रीना शामिल रहे। आगे की जांच जारी है।