टीम द्वारा एक नशा तस्कर गिरफ्तार । आरोपी पूर्व में चोरी के 01 आपराधिक मामले में शामिल रहा है तथा थाना सुल्तान पुरी के एनडीपीएस के एक मामले में वांछित है । आरोपी के कब्जे से 48.78 ग्राम स्मैक (मध्यम मात्रा) बरामद, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख है । बरामद नशीला पदार्थ जब्त कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया । मामले में आगे की जांच जारी है।
विक्रम सिंह,आईपीएस, पुलिस उपायुक्त,बाहरी जिला, नई दिल्ली के मुताबिक दिनांक 15-16 जून 2026 की मध्य रात्रि को बाहरी जिले की स्नैचिंग व सेंधमारी निरोधक शाखा की पुलिस टीम, जिसमें एएसआई विनोद, एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल राजेश, हेड कांस्टेबल ओमवीर, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल रमेश तथा महिला कांस्टेबल अनीशा शामिल थे, सुल्तानपुरी क्षेत्र में गश्त पर थी।
गश्त के दौरान जब टीम डी-6 ब्लॉक के पास पहुंची, तो उन्हें एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा। संदिग्ध गतिविधि का आभास होते ही सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए थोड़ी देर पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ पर उसकी पहचान शिव कुमार उर्फ सैंटी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। बरामद स्मैक का कुल वजन 48.78 ग्राम पाया गया। बरामद स्मैक को मौके पर ही सील किया गया।
तदनुसार, थाना सुल्तानपुरी में एफआईआर संख्या 355/26, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद नशीले पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।
सत्यापन पर पाया गया कि वह पूर्व में चोरी के 01 मामले में शामिल रहा है तथा थाना सुल्तानपुरी के एनडीपीएस के एक मामले में भी वांछित है। बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत का पता लगाने तथा इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।