नई दिल्ली: सत्य निकेतन में आज हुई घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के करीब 150 से 200 छात्रों ने सिविक सेंटर पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्र गेट नंबर 5 से सिविक सेंटर परिसर में दाखिल हुए और मुख्य इमारत के बाहर बैठकर MCD की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने जबरन मुख्य सिविक सेंटर बिल्डिंग में घुसने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 15 छात्रों को हिरासत में लिया है। सभी को थाना कमला मार्केट ले जाया गया है, जहाँ दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की जा रही है।
पुलिस ने बाकी प्रदर्शनकारियों को मौके से हटा दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।