नई दिल्ली, 06 सितंबर। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क और त्वरित शिकायत निवारण पहल ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ का आयोजन शनिवार को भी जारी रहा। राजधानी के सभी 15 पुलिस जिलों के थानों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस साप्ताहिक सुनवाई के दौरान कुल 1489 शिकायतों और जन समस्याओं को सुना गया। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम में आम जनता की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। पुलिस ने थानों में नागरिकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए थे, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
इस पहल के तहत शिकायतकर्ताओं और स्थानीय निवासियों को अपनी समस्या, चिंता और सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का मंच मिलता है। प्राप्त सभी मामलों को गंभीरता से सुना गया और त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की बात सुनी, ताकि हर शिकायत का उचित स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके और प्रभावी फॉलो-अप हो सके।
गौरतलब है कि उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू के निर्देश पर और पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में इस पहल की शुरुआत जून 2026 में की गई थी। इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करना है।