दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक विवाहित महिला के संदिग्ध हालात में तीसरी मंजिल से गिरने का सनसनीखेज मामला

राजधानी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक विवाहित महिला के संदिग्ध हालात में तीसरी मंजिल से गिरने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीबन डेढ़ साल पहले हुआ था विवाह महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रोहिणी के जयपुर गोल्डन अस्पताल में चल रहा है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


दिल्ली के थाना सुल्तानपुरी क्षेत्र के कृष्ण विहार इलाके में आज सुबह विवाहिता कोमल संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिली। बताया जा रहा है कि वह तीसरी मंजिल से नीचे गिरी, जिसके बाद उसे तुरंत रोहिणी स्थित जयपुर गोल्डन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, कोमल के शरीर की कई हड्डियां टूट चुकी हैं और उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोमल के माता-पिता का कहना है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पांच लाख रुपये की मांग की थी और इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हुआ था।

परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी कोमल ने खुद अपनी मां को फोन पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट की जानकारी दी थी। कल सुबह करीब 10 बजे कोमल के ससुर का फोन आया, जिसमें बताया गया कि कोमल तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत की जानकारी दी।

फिलहाल थाना सुल्तानपुरी पुलिस ने मायके पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं और कोमल के बयान का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कोमल का तीसरी मंजिल से गिरना एक हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर उसे धक्का देकर नीचे फेंका गया। इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

कोमल का परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दिल्ली पुलिस से ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील कर रहा है।


फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा था, साजिश थी या किसी अन्य परिस्थितियों का परिणाम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *