लगातार पीछा कर DBG रोड थाना पुलिस ने झपटमारी केस में शामिल सक्रिय BC को गिरफ्तार किया। CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी से मिली सफलता।
25 जून को DBG रोड थाने में झपटमारी की सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी से लौटकर सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। सराय रोहिल्ला बस स्टैंड पर कैब बुक करते समय स्कूटी सवार दो अज्ञात लड़के उनकी पत्नी का हैंडबैग छीनकर फरार हो गए। बैग में ₹25,000 नकद, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड की कॉपी और SBI क्रेडिट कार्ड था।
शिकायत के आधार पर थाना DBG रोड में FIR No. 223/2026, धारा 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक मामला दर्ज होते ही SHO DBG रोड और ACP पहाड़गंज की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में SI जगदीश, HC सुनीत, HC रामकरन, Ct. शेखर, Ct. अनूप और Ct. नितेश शामिल थे।
टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर पता चला। जांच में सामने आया कि यह स्कूटी थाना नबी करीम के e-FIR No. 14596/2026 में चोरी हुई थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने स्कूटी चोरी वाली जगह का निरीक्षण किया और रास्ते के कई CCTV कैमरे चेक किए। कड़ी मशक्कत के बाद स्कूटी चोरी करने वाले की पहचान राजन के रूप में हुई, जो थाना नबी करीम का सक्रिय BC है।
आरोपी के घर पर कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार मिला। स्थानीय जांच में पता चला कि आरोपी घर पर कम ही आता है और लगातार जगह बदलता रहता है। टीम ने हार न मानते हुए गुप्त सूचना तंत्र सक्रिय किया, मुखबिर लगाए और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 4/5 जुलाई 2026 की दरमियानी रात आरोपी को पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने इस झपटमारी की वारदात को एक अन्य साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। छीना गया बैग, मोबाइल, नकदी और दस्तावेज बरामद करने तथा बाकी आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपी राजन थाना नबी करीम का सक्रिय Bad Character (BC) है। उसके खिलाफ पहले से 28 मामले दर्ज हैं, जिनमें झपटमारी, चोरी, NDPS एक्ट और CrPC की धाराएं शामिल हैं। प्रमुख मामले DBG रोड, नबी करीम, पहाड़गंज, मंदिर मार्ग, आनंद पर्वत, कमला मार्केट, कश्मीरी गेट, सब्जी मंडी, सिविल लाइंस और कोतवाली थानों में दर्ज हैं।