नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी जिले की केशव पुरम थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए महज 06 घंटे के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लगभग 12.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के 100 प्रतिशत जेवरात बरामद किए हैं। इन जेवरातों से 6 साल की मासूम बच्ची की रीढ़ की हड्डी की गंभीर सर्जरी होनी थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ राजे पुत्र पप्पू, निवासी L-ब्लॉक, जेजे कॉलोनी, वजीरपुर, दिल्ली, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी 02 चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
क्या था मामला?
दिनांक 22.07.2026 को थाना केशव पुरम में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि गणेशपुरा, त्रि नगर स्थित एक घर की खिड़की का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की है। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उनके घर से लगभग 12.5 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए हैं।
जांच के दौरान एक बेहद मार्मिक तथ्य सामने आया। शिकायतकर्ता की 6 वर्षीय बेटी AIIMS में स्पाइन सर्जरी के लिए भर्ती है। उसके इलाज के लिए परिवार ने अपनी जीवन भर की पूंजी इकट्ठी की थी और अपने जेवर बेचकर यह रकम जुटाई थी। चोरी हुई ज्वेलरी ही उस बच्ची के इलाज की आखिरी उम्मीद थी। चोरी के बाद परिवार इतना टूट गया था कि उसे अपनी संपत्ति गिरवी रखने तक पर विचार करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना केशव पुरम में FIR No. 256/2026, धारा 305(a)/331(3)/317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
ऐसे दबोचा गया शातिर
डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट के निर्देश पर SHO केशव पुरम इंस्पेक्टर राजीव मलिक और ACP अशोक विहार श्री आकाश रावत की देखरेख में SI मोहित के नेतृत्व में HC पवन, HC रमेश की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन छानबीन के आधार पर आरोपी अभिषेक उर्फ राजे को चिन्हित कर दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने चोरी के जेवरात छिपाने का ठिकाना बता दिया। उसकी निशानदेही पर L-ब्लॉक, जेजे कॉलोनी, वजीरपुर में छापेमारी कर सारा चोरी किया गया माल बरामद कर लिया गया।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 सोने और काले मोतियों वाला पेंडेंट सहित मंगलसूत्र, 2 सोने की चूड़ियां, 1 सोने का मंगलसूत्र, 1 लॉकेट वाली सोने की चेन, 4 सफेद नग वाली सोने की अंगूठी, 1 हरे और सफेद नग वाली सोने की अंगूठी, 4 जोड़ी सोने की बालियां, 1 सोने की बाली, 2 जोड़ी चांदी की बच्चों की पायल, 1 जोड़ी चांदी की महिलाओं की पायल, 5 जोड़ी चांदी की बिछिया, 2 सुनहरे रंग की जेंट्स अंगूठी, 2 चांदी की बिछिया और 1 चांदी का कड़ा बरामद किया है।
परिवार ने कहा – पुलिस ने सिर्फ जेवर नहीं, उम्मीद लौटाई
अपनी मेहनत की कमाई और बच्ची के इलाज की उम्मीद वापस मिलने पर पीड़ित परिवार की आंखों में आंसू आ गए। परिवार ने थाना केशव पुरम की पूरी टीम का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की इस समय पर की गई कार्रवाई से उनकी 6 साल की बेटी का इलाज बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगा। दिल्ली पुलिस ने न सिर्फ उनके जेवरात लौटाए, बल्कि जीवन के सबसे कठिन दौर में उनका खोया हुआ भरोसा और उम्मीद भी वापस लौटा दी।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।