नई दिल्ली। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आउटर जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 765.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2.30 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ऐसे हुआ खुलासा –
इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंधु के नेतृत्व में 20 जून को मधुबन चौक, पीतमपुरा के पास जाल बिछाया गया। टीम ने शकूरपुर निवासी अशोक कुमार (40) को दो बैगों के साथ पकड़ा। बैग से 22.610 किलो गांजा मिला। थाना रानी बाग में FIR No. 197/26, धारा 20(C) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में अशोक ने बताया कि वह पहले भी 285 किलो गांजा तस्करी में गुरुग्राम से गिरफ्तार हो चुका है। उसी से अजीत सिंह नाम के सप्लायर का पता चला।
तकनीकी निगरानी और वित्तीय जांच में अजीत सिंह की पहचान पटना निवासी इंद्रजीत राय (38) के रूप में हुई। 9 जुलाई से 36 घंटे तक लगातार बिहार, ओडिशा, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में ट्रैकिंग के बाद 10 जुलाई को पुलिस ने इंद्रजीत राय और उसके साथी नितीश कुमार (35) को लुधियाना से दबोच लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर लुधियाना के जमालपुर स्थित किराए के गोदाम पर छापा मारकर 743 किलो गांजा और बरामद किया गया। मौके से गोदाम का सहयोगी धर्मेंद्र कुमार (34) भी गिरफ्तार हुआ।
विक्रम सिंह, पुलिस उपायुक्त, आउटर डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर लुधियाना के गोदाम में स्टोर करते थे और वहां से हरियाणा-पंजाब में सप्लाई करते थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।