नई दिल्ली, 23 जुलाई। दक्षिण जिला पुलिस ने गनपॉइंट पर लूट की सनसनीखेज वारदात को महज दो घंटे में फर्जी साबित करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
21 जुलाई को थाना साकेत में पवन कुमार ने शिकायत दी थी कि एम.बी. रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे कंपनी के 12.66 लाख रुपये गनपॉइंट पर लूट लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए AATS, स्पेशल स्टाफ और थाना साकेत की संयुक्त टीम का गठन किया गया। इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस रितुराज की देखरेख में टीम ने टेक्निकल जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता उस रास्ते पर गया ही नहीं था, जहां लूट की बात कही गई थी।
सख्ती से पूछताछ में पवन ने कबूल किया कि उसने अपने साथी कर्मचारी गणेश चंद चेतीवाल के साथ मिलकर मालिक के पैसे हड़पने के लिए झूठी लूट की साजिश रची थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दूसरे आरोपी को उसके घर से दबोच लिया और पूरी रकम 12,66,000 रुपये बरामद कर ली।
इस संबंध में थाना साकेत में FIR No. 241/2026 दर्ज है। आगे की जांच जारी है।