आईएसआई समर्थित पाकिस्तानी जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दिल्ली के युवा दंपति गिरफ्तार

नई दिल्ली: स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने आईएसआई समर्थित पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली के एक युवा दंपति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. साहिल (24) निवासी सराय काले खां और उसकी पत्नी समिरा (21) के रूप में हुई है। दोनों 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIOs) के संपर्क में थे और उनके लिए काम कर रहे थे।

जांच में खुलासा:
इंस्पेक्टर अनुज नौटियाल और इंस्पेक्टर चंदन कुमार की टीम ने एसीपी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। पूछताछ में पता चला कि साहिल की दोस्ती 2022 में समिरा से हुई थी और इंस्टाग्राम के जरिए दोनों पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आए।

आरोपियों ने पैसों के लालच में 2024 और 2025 में 8 भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे, जिसके लिए उन्हें 30 हजार रुपये मिले। पाकिस्तान में इन सिम पर व्हाट्सएप एक्टिव कर भारतीय व्हाट्सएप ग्रुप्स में घुसपैठ कर संवेदनशील जानकारी जुटाई जा रही थी।

दंपति को देश के विभिन्न स्थानों पर कैंटोनमेंट एरिया की रेकी करने और सेना के जवानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी जुटाने के लिए लोगों को भर्ती करने का टास्क दिया गया था।

पुलिस ने दोनों के पास से 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ आपत्तिजनक चैट मिली है। समिरा की भूमिका सिम कार्ड उपलब्ध कराने में मुख्य पाई गई है।

मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *