नई दिल्ली: उत्तरी जिला पुलिस ने रानी झांसी फ्लाईओवर पर हुई सनसनीखेज फायरिंग और लूट के प्रयास की वारदात को 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। ज्वाइंट टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
निहारिका भट्ट डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि 27 अगस्त को दोपहर 3:45 बजे सिविल लाइंस थाने में पीसीआर कॉल आई थी। शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर होटल जा रहा था। रानी झांसी फ्लाईओवर के पास काले रंग की स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका। एक ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया, दूसरे ने बटनदार चाकू से हमला किया। शिकायतकर्ता ने बदमाशों की स्कूटी को धक्का देकर तिस हजारी कोर्ट की तरफ भागकर जान बचाई। बदमाशों ने 50 मीटर तक पीछा कर दूसरा फायर भी किया। गनीमत रही कि दोनों पीड़ित बाल-बाल बच गए। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस में FIR No. 352/26 दर्ज की गई।
डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट, IPS के निर्देशन में थाना सिविल लाइंस, AATS और स्पेशल स्टाफ की तीन संयुक्त टीमें बनाई गईं।
टीम ने CCTV फुटेज को खंगाला, तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की।
इस मामले में पुलिस ने दीपांशु @ दीपू (25 वर्ष) – निवासी सदर बाजार, दिल्ली को सदर बाजार से दबोचा गया। वही मुख्य आरोपी जावेद @ पव्वा (38 वर्ष) – निवासी वजीराबाद, जो भिवाड़ी, राजस्थान में छिपा था, को भिवाड़ी से ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने पीड़ित को फतेह कचौरी के पास खाना खाते हुए सोने की चेन पहने देखा था। चेन लूटने के इरादे से उसका पीछा कर वारदात को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी जावेद @ पव्वा शातिर बदमाश है। वह 34 मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर है और थाना ख्याला का बीसी है। वह 26.07.2026 को 23 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था और पैरोल जंप कर फरार हो गया था। उसने वजीराबाद वाला मकान बेचकर भिवाड़ी में ठिकाना बना लिया था।
इसके पास से वारदात में इस्तेमाल 2 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 1 बटनदार चाकू और एक स्कूटी बरामद की गई है।