नई दिल्ली : थाना दयालपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
दिनांक 22.07.2026 को थाना दयालपुर में गली नंबर 24, पुराना मुस्तफाबाद में चाकूबाजी की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को पता चला कि घायल को पीसीआर स्टाफ द्वारा पहले ही जीटीबी अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
घायल की पहचान वसीम पुत्र अजाज खान, निवासी पुराना मुस्तफाबाद, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई। जांच में प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वसीम पैसों की उगाही के लिए आया था, तभी शाहरुख ने अचानक चाकू से उसके सीने के बाईं तरफ वार कर दिया। जांच में सामने आया कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था।
मौके को तुरंत सुरक्षित कर मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस संबंध में थाना दयालपुर में एफआईआर नंबर 346/2026, धारा 109(1)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया। एसआई शुभम और हेड कांस्टेबल अनुज की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी शाहरुख को दबोच लिया।
लगातार पूछताछ में आरोपी शाहरुख (24 वर्ष) पुत्र मुकीम, निवासी पुराना मुस्तफाबाद, दिल्ली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। इस पर पूर्व आपराधिक संलिप्तता: शून्य पाई गई है।
थाना दयालपुर स्टाफ की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से मामले का पर्दाफाश हुआ है। आगे की जांच जारी है।