नई दिल्ली। ईस्ट जिले की मंडावली थाना पुलिस ने मॉडल बनने का सपना देख रही युवतियों और अन्य लोगों को फर्जी मॉडलिंग असाइनमेंट और शादी का झांसा देकर ठगने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान कौशिक राज उर्फ अंकित सिंह उर्फ अनिकेत सिंह राजपूत (30 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह बी.टेक ड्रॉपआउट है और खुद को फैशन व इवेंट मैनेजमेंट इंडस्ट्री का बड़ा बिजनेसमैन बताता था।
बीतें 10 जुलाई 2026 को एक युवती ने मंडावली थाने में शिकायत दी थी कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर उसे शादी का झांसा दिया। आरोपी ने खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताकर उसके परिवार से भी रिश्ते की बात की, फर्जी बायोडाटा, लग्जरी गाड़ियां और प्रॉपर्टी दिखाई।
उसने एक नामी मोबाइल कंपनी के नाम पर फर्जी Exclusive Modelling Agreement तैयार किए और रिफंडेबल सिक्योरिटी, सगाई, होटल बुकिंग, बुटीक रजिस्ट्रेशन के नाम पर शिकायतकर्ता और उसकी कई साथी मॉडल्स से करीब 33.51 लाख रुपये ठग लिए। बाद में सभी दस्तावेज और बुकिंग फर्जी निकले।
इस संबंध में थाना मंडावली में FIR No. 201/26 धारा 318(4)/319 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार के निर्देशन में ACP मयूर विहार योगेश मल्होत्रा की देखरेख और SHO मंडावली इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व में SI आशीष ग्रेवाल, SI अंकित, HC दीपक और HC प्रदीप की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जिसमें पीड़िता से व्हाट्सएप चैट मौजूद है और 3 अलग-अलग बैंकों की चेक बुक बरामद की गई हैं।
जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी साइबर थाना साउथ दिल्ली में फर्जी कॉन्सर्ट टिकट बेचने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुलुंड थाने में भी उसके खिलाफ FIR No. 309/2026 दर्ज है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की कई शिकायतें लंबित हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मनी ट्रेल और अन्य पीड़ितों की तलाश कर रही है।