दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद जागा MCD, 4 मंजिल से ऊंची अवैध इमारते होगी सील

जिम्मेदार अधिकारियों पर भी गाज, डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अफसर सस्पेंड

नई दिल्ली, 7 सितंबर। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में PG हॉस्टल की इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ा फैसला लिया है। MCD ने आदेश जारी किया है कि अब दक्षिण दिल्ली जोन में 4 मंजिल से ज्यादा ऊंची बनी सभी अवैध इमारतों को चिन्हित कर सील किया जाएगा।

हादसा रविवार को P-14 प्लॉट में बनी पांच मंजिला इमारत में हुआ था, जिसमें कई छात्र रह रहे थे। यह इलाका दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस का प्रमुख छात्र बहुल क्षेत्र है। हादसे के बाद MCD ने बगल वाली P-13 इमारत को भी खतरनाक घोषित कर मालिक को 3 दिन में खुद गिराने का नोटिस जारी किया है।

अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई

हादसे को गंभीर लापरवाही मानते हुए MCD ने साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत 5 इंजीनियरों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इन अधिकारियों पर इलाके में अवैध निर्माण को नजरअंदाज करने का आरोप है। निगम सूत्रों के मुताबिक, निलंबित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के साथ-साथ FIR की भी तैयारी है।

MCD कमिश्नर ने कहा, “सत्य निकेतन जैसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए पूरी दिल्ली में विशेष सर्वे शुरू किया जाएगा। जहां भी 4 मंजिल से ऊपर अवैध निर्माण पाया गया, वहां सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई बिना किसी दबाव के की जाएगी।”

छात्रों में आक्रोश, MCD दफ्तर पर प्रदर्शन

इधर हादसे में दो छात्रों की मौत के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने MCD दफ्तर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, जबकि पुलिस ने इमारत के कथित मालिक हरिराम को भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *