नई दिल्ली, 30 सितंबर 2026
द्वारका जिला की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने विदेशी नागरिकों को ठगने वाले अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसीपी ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में टीम ने विपिन गार्डन, उत्तम नगर में चल रहे कॉल सेंटर पर 28-29 सितंबर की रात छापा मारा। मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
आरोपी MicroSIP, X-Lite और Google Voice जैसी VOIP एप के जरिए खुद को Amazon/Apple का टेक सपोर्ट अधिकारी बताकर विदेशी नागरिकों को फोन करते थे। भरोसा जीतने के बाद AnyDesk जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाकर उनसे पैसों की ठगी और बैंक डिटेल हासिल करते थे।
मौके से 10 लैपटॉप, 4 मोबाइल फोन, 2 वाई-फाई राउटर, हेडसेट और कॉलिंग स्क्रिप्ट, फर्जी लॉगिन ID समेत अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में थाना मोहन गार्डन में FIR No. 259/2026, धारा 318(4)/319(2)/61(2)/3(5) BNS व 66(C)/66(D) IT Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में मुख्य संचालक सिमरनजीत (33), मार्क मार्टिन (47), एल्टन जॉन (43), अभिषेक (30) और अनीता (34) शामिल हैं। आगे की जांच जारी है।