नई दिल्ली, 10 सितंबर। राजधानी के अतिव्यस्त इलाके नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड पर बुधवार सुबह मामूली कहासुनी ने खूनी झड़प का रूप ले लिया। गन्ने के जूस के पैसे को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने दुकान के कारीगर पर तलवार से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 10:08 बजे की है। थाना कमला मार्केट में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहरी गेट के पास एक व्यक्ति पर तलवार से हमला किया गया है और एम्बुलेंस की जरूरत है।
जांच में पता चला कि स्टेशन के बाहरी गेट के पास स्थित गन्ने के जूस की दुकान पर दो ग्राहकों और दुकानदार के बीच भुगतान को लेकर झगड़ा हो गया था। दुकान पर काम करने वाले 35 वर्षीय युवक के बाएं हाथ की कलाई के ऊपर तलवार से गहरा कट लग गया। पीसीआर स्टाफ ने तत्काल घायल को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी एमएलसी तैयार की गई है। डॉक्टरों ने फिलहाल चोट को निगरानी में रखा है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों हमलावरों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान गगनदीप सिंह (21 वर्ष) और बलजीत सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और जालंधर, पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों निहंग के वेश में थे और उनके पास से तलवारें बरामद हुई हैं।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाई अमृतसर से ट्रेन से दिल्ली आए थे और रात में गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में रुके थे। वे धार्मिक यात्रा के लिए नांदेड़, महाराष्ट्र जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए थे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने दुकान से दो गिलास गन्ने का जूस लिया था। दुकानदार ने 60 रुपये मांगे, लेकिन दोनों 50 रुपये देने पर अड़े थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान गगनदीप सिंह ने तलवार निकालकर दुकान के कारीगर पर हमला कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घायल के बयान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।