नई दिल्ली, 23 जून 2026
विश्वासघात कर मालिक की मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए कर्मचारी को नबी करीम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल DL4SDG-**** भी बरामद कर ली गई है।
रोहित राजवीर सिंह ,आईपीएस, उपायुक्त पुलिस, मध्य जिला ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को रंजीत नगर, पटेल नगर निवासी एक व्यक्ति ने नबी करीम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अक्टूबर 2025 में उसके कर्मचारी रोशन कुमार सिंह को कलेक्शन के काम के लिए हीरो पैशन प्रो बाइक और 20,000 रुपये सौंपे गए थे। इसके बाद कर्मचारी बाइक और नकदी लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर नबी करीम थाने में ई-एफआईआर संख्या 07701/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुलशन नागपाल एसएचओ नबी करीम और एसीपी पहाड़गंज की देखरेख में हेड कांस्टेबल प्रीतम और हेड कांस्टेबल उधम की टीम गठित की गई। आरोपी का कोई स्थायी पता न होने के कारण पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय खुफिया जानकारी और फील्ड पूछताछ के जरिए तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद 19 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नोएडा के सेक्टर-50 सेंट्रल मार्केट में मौजूद है। टीम ने तुरंत छापा मारा और शिकायतकर्ता की पहचान पर आरोपी को धर दबोचा। उसके पास से मालिक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
आरोपी की पहचान 32 वर्षीय रोशन कुमार सिंह, निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह पहले शिकायतकर्ता के यहां नौकरी करता था और फिलहाल नोएडा में फास्ट-फूड रेहड़ी चलाता है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने बेईमानी से मालिक की बाइक और नकदी हड़पने की नीयत बना ली थी। नकद राशि वह पहले ही खर्च कर चुका है।