पुलिस मुख्यालय में हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन, 34 विजेताओं को किया गया सम्मानित

नई दिल्ली, 23 सितम्बर 2026

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज में हिंदी की गति को तेज करने के उद्देश्य से मनाए जा रहे हिंदी पखवाड़ा-2026 का आज भव्य समापन हुआ।

पखवाड़े की शुरुआत 14 सितम्बर 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर आयुक्त पुलिस, दिल्ली द्वारा जारी संदेश से हुई। अपने संदेश में आयुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक सरकारी कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी के उपयोग का आह्वान किया।

इसी क्रम में दिनांक 16 सितम्बर से 18 सितम्बर 2026 तक पुलिस मुख्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हिंदी निबंध, टिप्पण एवं आलेखन, त्वरित भाषण, अनुवाद, राजभाषा प्रश्नोत्तरी और हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में पुलिस मुख्यालय सहित सभी जिला एवं इकाइयों के लगभग 475 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पखवाड़े के समापन अवसर पर आज दिनांक 23.09.2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक दिल्ली पुलिस अकादमी के तत्वावधान में एक हिंदी कार्यशाला एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यालय के अलावा सभी जिला/इकाइयों के लगभग 250 अधिकारियों/कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में राजभाषा के सरल प्रयोग पर चर्चा हुई, जबकि कवि सम्मेलन ने सभी में नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम के अंत में हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 34 विजेताओं को संयुक्त आयुक्त पुलिस/मुख्यालय, श्री अजय कृष्ण शर्मा द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी एकता और संस्कृति का प्रतीक है और दिल्ली पुलिस राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *