बिहार सरकार में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने वाले निशांत कुमार को अब बिहार के लोगों के स्वास्थ्य को सेहतमंद बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को स्वास्थ्य विभाग की अहम जिम्मेदारी दी गई है. वहीं पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर विजय सिन्हा को कृषि विभाग दिया गया है। करीब दो महीने पहले नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा सदस्य बनने की घोषणा के बाद 45 वर्षीय निशांत कुमार की एक्टिव पॉलिटिक्स में एंट्री हुई थी. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा थी, लेकिन निशांत ने प्रस्ताव ठुकरा दिया था. अब उन्हें स्वास्थ्य जैसा अहम विभाग दिया गया है।
इससे पहले, पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार किया गया था. इस दौरान 32 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहे.सम्राट कैबिनेट के इन नए मंत्रियों में BJP के 15 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई,वहीं JDU के 13 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. इनके अलावा चिराग पासवान की LJP (रामविलास) से 2 मंत्री, जीतनराम मांझी की HAM और उपेंद्र कुशवाहा की RLM से एक-एक मंत्री बनाया गया है
इस कैबिनेट विस्तार की एक खास बात ये रही कि बीजेपी ने अपने 9 पुराने मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया. इनमें मंगल पांडेय, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नीरज सिंह बबलू, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, संतोष सिंह, सुनील कुमार और कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं. इनमें से कइयों को पिछली कैबिनेट में अहम पद मिले हुए थे.