नई दिल्ली, 25 जुलाई। उत्तर जिले की बुराड़ी थाना पुलिस ने रात में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले 2 कुख्यात चोरों को गिरफ्तार कर 2 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुर्शत अली उर्फ जावेद (34) और कैफ राजा (20) निवासी जहांगीरपुरी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 26 नए चोरी के मोबाइल फोन, 60 मोबाइल बैटरी, एक लैपटॉप, मोबाइल के पार्ट्स, ताले तोड़ने के औजार और 2 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
बीते 8 जुलाई की रात बुराड़ी के होली चौक स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में चोरी की E-FIR दर्ज हुई थी। SHO गिरीश चंद्र रतूड़ी की देखरेख में SI संदीप माथुर की टीम ने दुकान और आसपास के CCTV खंगाले। फुटेज में 2 लोग ताला तोड़कर चोरी करते दिखे, जो वारदात के बाद कैब से भागे थे।
CCTV से कैब नंबर ट्रेस कर पुलिस जहांगीरपुरी पहुंची। कैब ड्राइवर ने बताया कि उसने Rapido बुकिंग पर दोनों को E-ब्लॉक जहांगीरपुरी में छोड़ा था। Rapido से बुकिंग ID और मोबाइल नंबर लेकर टेक्निकल सर्विलांस पर आरोपियों को 17 जुलाई को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने शालीमार बाग में भी एक दुकान में चोरी करने की बात कबूली। आरोपी चोरी के मोबाइल के पार्ट्स निकालकर राहगीरों को बेच देते थे। आरोपी फुर्शत अली मूल रूप से रामपुर यूपी का रहने वाला है और पहले भी न्यू उस्मानपुर थाने के चोरी के केस में शामिल रहा है।