बैंसी गांव में प्रशासन आपके गांव व रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित

विशेष संवाददाता चिमन लाल

जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र करवाया जायेगा समाधान : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बुधवार को जिला के गांव बैंसी में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन जमीनी स्तर पर मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सचिन गुप्ता बुधवार को देर सायं जिला के लाखनमाजरा खंड के गांव बैंसी स्थित रामलीला मैदान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित नाइट हॉल्ट एवं प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गांव में लगभग 76 लाख रुपये की राशि से फिरनी का आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करवाने के बाद निर्माण करवाया जायेगा। गांव में खेल स्टेडियम में 55 लाख रुपये की राशि से चारदीवारी व मिट्टी भरत का कार्य करवाया जायेगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि किसी भी परिस्थिति में जलभराव नहीं होने दिया जायेगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि पेयजल सबसे महत्वपूर्ण सुविधा है। ग्रामीण अपने पेयजल के अवैध कनैक्शनों को वैध करवाये ताकि पेयजल में मिलावट न हो और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए गांव में शिविर लगाया जायेगा। उन्होंने खेतों के रास्तों को पक्का करने, टीन शैड एवं तालाब की रिटेनिंग वॉल के निर्माण के संदर्भ में कहा कि फिजिबलियटी चैक करवाकर इन कार्यों को पूर्ण करवाया जायेगा। उपायुक्त ने स्वयं जनशिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा स्वीकृत वृद्धावस्था सम्मान राशि के 6 लाभार्थियों नसीब, दर्शन, सुंदरलाल, धर्मबीर सिंह, संतोष एवं कांता को स्वीकृति पत्र वितरित किए। नाइट हाल्ट कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में लगभग 200 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें सामान्य ओपीडी, एनीमिया जांच एवं स्क्रीनिंग सेवाएं शामिल रहीं तथा आवश्यकता अनुसार निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आउटरीच कार्यक्रम में मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि एवं किसान कल्याण, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, एमएसएमई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण, अंत्योदय, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बागवानी, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक प्रशिक्षण, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण सहित अन्य विभागों ने भाग लिया।
इससे पूर्व दिन में प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने गांव का दौरा किया, जनशिकायतें सुनीं, नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और त्वरित समाधान व बेहतर रखरखाव के निर्देश देते हुए उत्तरदायी, पारदर्शी एवं समावेशी शासन के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिये कि वे पात्र व्यक्तियों को अविलंब जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाये। ग्रामीणों को इन योजनाओं की पूर्ण जानकारी भी दी जाये ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। ग्राम पंचायत द्वारा उपायुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का पारंपरिक पगड़ी व स्मृचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गांव के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का स्वागत किया तथा स्थानीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सरपंच अमन जांगड़ा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का स्वागत किया तथा गांव की समस्याओं सेे अवगत करवाया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश अंकित कुमार, डीएसपी ऋषभ सोढ़ी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की कार्यकारी अभियंता सीमा नारा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरूण मुंजाल, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा अहलावत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *