रोहिणी, 7 जुलाई 2026
रोहिणी जिले की एएटीएस टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 222 ग्राम गांजा (ओजी), दो मोबाइल फोन और एक बिना नंबर की कार जब्त की है।
एसीपी/ऑप्स. अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने 5 जुलाई को सेक्टर-13, गंदा नाला के पास गुप्त सूचना पर छापा मारा। मौके से मानव (24), निवासी सेक्टर-15 और अयान इकबाल (23), निवासी सेक्टर-18 को पकड़ा गया।
तलाशी में दोनों के पास से 222 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने थाना केएनके मार्ग में एफआईआर संख्या 241/26, एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20/25/29/61/85 के तहत केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच जारी है।
डीसीपी शशांक जायसवाल, आईपीएस ने बताया कि रोहिणी पुलिस नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है।