विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
बहादुरगढ़ में पुलिस ने सट्टा खाईवाली करते एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए एंटी व्हीकल थैफ्ट झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह के निर्देश पर एवीटी स्टाफ झज्जर की टीम गश्त पर थी। पुराना बस स्टैंड के पास मेट्रो स्टेशन के नीचे एक युवक लोगों को सट्टा लगाने के लिए बुला रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया, जिसने अपना नाम रविंद्र निवासी जाखौदा बताया। तलाशी में उसके पास से 10,140 रुपये नकद और सट्टा पर्चियां बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत थाना शहर बहादुरगढ़ में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।