साल भर की तलाश खत्म: एटीएम चोरी गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

नई दिल्ली, 4 सितंबर। दिल्ली क्राइम ब्रांच की एनडीआर यूनिट ने साल भर से फरार चल रहे एटीएम चोरी सिंडिकेट के सरगना को राजस्थान के जंगल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इमरान खान उर्फ इम्मा (36), निवासी ममोलाका, हथीन, पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी दिल्ली में 12 से अधिक और अन्य राज्यों में करीब 8 एटीएम चोरी के मामलों में वांछित था। अदालत ने उसे 2 मामलों में भगोड़ा घोषित किया था और 6 मामलों में गैर-जमानती वारंट जारी थे।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। पता चला कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए मेवात क्षेत्र के सुनसान इलाकों में छिप रहा है। हेड कांस्टेबल रामनरेश और एसआई उमरदीन की टीम ने गुप्त रूप से भिवाड़ी के ग्वालदा पहाड़ियों के जंगल में उसके ठिकाने का पता लगाया।

2 सितंबर को इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में और एसीपी उमेश बर्थवाल की देखरेख में बनी टीम ने दुर्गम जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली के दो और मामलों में भी अपनी संलिप्तता कबूली है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एटीएम उखाड़ने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *