हरिनगर में चोरी का खुलासा, महिला गिरफ्तार; 6 वारदातें सुलझीं

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। पश्चिम जिला पुलिस ने हाउस थेफ्ट के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। हरिनगर थाना पुलिस ने 56 वर्षीय महिला नीलम देवी को विकासपुरी से गिरफ्तार कर 6 चोरी/नकबजनी के मामलों का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को तनवीर सिंह के घर में हुई चोरी को लेकर FIR No. 280/2026 दर्ज हुई थी। ACP राजौरी गार्डन शरत सी. निर्मल के मार्गदर्शन और SHO हरिनगर की देखरेख में SI विकास कुंडू, HC हजारी लाल और Ct. पवन की टीम बनाई गई।

CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर विकासपुरी निवासी नीलम देवी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर नकदी, सोने-चांदी के जेवर, कलाई घड़ियां, गिफ्ट आइटम और परिवार के पहचान पत्र बरामद हुए। साथ ही नकबजनी के औजार, चाबियों का बड़ा गुच्छा और खाली ज्वेलरी बॉक्स भी मिले।

जांच में पता चला कि आरोपी ने चोरी के पैसों से एक कार खरीदी थी, जिसे भी जब्त कर लिया गया। चोरी के जेवर इंद्रपुरी के ज्वेलर विक्रम आनंद (34) को बेचे गए थे, उससे भी माल बरामद किया गया है।

इस गिरफ्तारी से हरिनगर और विकासपुरी थानों के कुल 6 मामले सुलझ गए हैं। DCP पश्चिम हरेस्वर वी. स्वामी ने बताया कि बरामद संपत्ति के सत्यापन और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *