1000 KM से ज्यादा पीछा कर 3 साल के अपहृत बच्चे को बिहार से सकुशल बरामद किया

नई दिल्ली, 01.09.2026

पश्चिम जिले के ख्याला थाना पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए 1000 किलोमीटर से अधिक का पीछा कर 3 साल के बच्चे को बिहार के मुंगेर से सकुशल बरामद किया है। बच्चे को उसके परिवार से मिलाया गया।

बीते 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:07 बजे ख्याला थाने में एक पीसीआर कॉल आई कि GGS अस्पताल में दवा लेने आई एक महिला का 3 साल का बेटा खेलते-खेलते गायब हो गया है। इस पर थाना ख्याला में FIR No. 420/2026 धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO ख्याला इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में ASI देवेंद्र, HC विजय, सिपाही प्रीतम और सिपाही संजू की एक विशेष टीम बनाई गई।

जांच के दौरान GGS अस्पताल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक अज्ञात महिला बच्चे को अस्पताल से ले जाती हुई दिखी। आगे की फुटेज में वह ई-रिक्शा से मादीपुर गांव की तरफ जाती दिखी।

तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों से महिला की पहचान हुई। वह 31 वर्षीय महिला है जो मादीपुर, दिल्ली में रह रही थी, लेकिन मूल रूप से जिला बांका, बिहार की रहने वाली है। पता चला कि वह अपने पैतृक गांव भाग गई है।

टीम ने तुरंत बिहार के मुंगेर जिले में दबिश दी और बच्चे को सकुशल बरामद कर पुलिस सुरक्षा में लिया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी 6 बेटियां हैं और मेडिकल कारणों से अब वह मां नहीं बन सकती। इसलिए उसने बच्चे को अपना बेटा बनाकर पालने के इरादे से अस्पताल से उठा लिया था। पुलिस ने महिला को जांच में शामिल कर पाबंद किया है।

बच्चे को वापस दिल्ली लाकर परिवार को सौंप दिया गया। परिवार ने दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *