नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में संपत्ति के लालच में पति द्वारा पत्नी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शाहदरा जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 12.75 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है।
30 जुलाई 2026 को थाना जगतपुरी में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले गौरव ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो ड्राइंग रूम में सोफे के पास महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था। सेंटर टेबल पर खून से सनी एक कैंची पड़ी मिली, जो हत्या में इस्तेमाल हुआ हथियार था।
जांच में सामने आया कि मृतका की पहचान कोमल के रूप में हुई है। उनके बेटे गौरव ने बताया कि वह सुबह 9:30 बजे नोएडा स्थित लाइब्रेरी के लिए निकला था, जबकि उसकी बहन सुबह 10:30 बजे काम पर चली गई थी। दोनों के निकलने से पहले उनके पिता का जगतपुरी स्थित प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री को लेकर मां से झगड़ा हो रहा था।
शाम को दोनों बच्चों ने मां को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 9:15 बजे गौरव घर लौटा और अपनी चाबी से बंद फ्लैट खोला तो मां को कई चोटों के साथ खून से लथपथ मृत पाया।
इस संबंध में थाना जगतपुरी में FIR No. 289/2026 दिनांक 31.07.2026 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP शाहदरा के निर्देश पर SHO जगतपुरी इंस्पेक्टर अभिषेक और इंचार्ज स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर आशीष के नेतृत्व में, ACP विवेक विहार महेंद्र सिंह की देखरेख में 10 टीमें गठित की गईं। जांच इंस्पेक्टर सुरेंद्र शर्मा को सौंपी गई।
पुलिस ने वैज्ञानिक तरीकों, तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। सीसीटीवी में स्पष्ट हुआ कि बच्चों के जाने के बाद फ्लैट में सिर्फ आरोपी और मृतका ही थे। फुटेज में महिला की चीख भी रिकॉर्ड हुई और बाद में आरोपी बैग में हथियार छुपाकर भागता दिखा।
जांच में पता चला कि फरार होने से पहले आरोपी ने अपने बैंक खातों से करीब 7 लाख रुपये निकाले थे। तकनीकी निगरानी से पता चला कि वह पहले दिल्ली से गोरखपुर होते हुए नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए मथुरा की ओर चला गया।
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी कमल सिंह पुत्र अजब सिंह, निवासी गगन विहार, दिल्ली, उम्र 53 वर्ष को मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने संपत्ति विवाद के चलते पहले से ही हत्या की योजना बनाई थी। उसने हथियार पहले ही हरि नगर से खरीदा था। आरोपी ने बताया कि वह हॉलीवुड क्राइम फिल्म “The Staircase” से प्रभावित था और उसे लगता था कि हथियार को ठिकाने लगाने से वह पुलिस से बच जाएगा। उसका इरादा परिवार की सारी प्रॉपर्टी पर कब्जा करने का था।
आरोपी ने यह भी बताया कि 02.08.2026 को उसने दोबारा नेपाल भागने की कोशिश की थी, उसे लगा था कि बॉर्डर पर पुलिस की सतर्कता कम हो गई होगी। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियर है और फ्रीलांस SAP सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट के तौर पर काम करता है।
आरोपी के पास से 12,75,000 रुपये नकद और वारदात के बाद फरार होने में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी नंबर DL2SANXXXX बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और फॉरेंसिक जांच जारी है।