नई दिल्ली, 5 जुलाई : न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की वारदात को पुलिस ने महज 18 घंटे में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह जेपीसी अस्पताल के पास डीडीए पार्क में एक युवक घायल अवस्था में मिला था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तौहीद (20), निवासी के-ब्लॉक, न्यू सीलमपुर के रूप में हुई। इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत एफआईआर 448/26 दर्ज की गई।
एसीपी सीलमपुर मल्कियत सिंह की निगरानी और एसएचओ इंस्पेक्टर के.एल. यादव के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए। जांच में पता चला कि मृतक का उसी शाम कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शाहनवाज (21), नूर हसन (20) और अनस (21), तीनों निवासी के-ब्लॉक, टी-हट्स, सीलमपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि तौहीद ने नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शाहनवाज को धमकी दी थी। बदला लेने के लिए तीनों ने उसे पार्क में बुलाकर चाकू से हमला किया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी शाहनवाज पहले भी लूट के मामले में शामिल रह चुका है। डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट राहुल अलवाल ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।