नई दिल्ली, 26 सितंबर 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन कवच के तहत 6 साल से फरार चल रहे हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी की पहचान मो. शेख शब्बीर (35) पुत्र शेख जहूर के रूप में हुई है। यह थाना जहांगीरपुरी के सनसनीखेज मर्डर केस FIR No. 231/2020 में वांछित था।
बीते 29 अप्रैल 2020 को जहांगीरपुरी के G-636 झुग्गी स्थित मीट की दुकान पर मीट के दाम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि शाह आलम और उसके साथियों मो. शेख शब्बीर, सिराज, सलीम, जहूर और शकील ने दुकानदार सिराज अली पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी थी। इस केस में अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन शब्बीर 2020 से फरार था।
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और कंझावला इलाके में कबाड़ का काम कर रहा था।
इंस्पेक्टर पंकज ठाकरान की टीम में सिपाही अंकुश को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कंझावला गांव में छिपा है। ACP अशोक शर्मा के सुपरविजन में SI भाग्यश्री, ASI अनिल, ASI सुमित, ASI अजय की टीम ने 25 सितंबर को छापा मारकर उसे दबोच लिया।
आरोपी पर पहले से दो मामले – FIR No. 135/2014 थाना मंगोलपुरी और FIR No. 31/2017 थाना के.एन. काटजू मार्ग में दर्ज हैं।