75 लाख की दिनदहाड़े डकैती का 48 घंटे में खुलासा, महिला को चाकू की नोक पर बनाया था बंधक

नई दिल्ली – उत्तर-पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ और थाना अशोक विहार की संयुक्त टीम ने 75 लाख रुपये की सनसनीखेज दिनदहाड़े डकैती का 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में 6 आरोपियों और 2 विधि-विरुद्ध बालकों (CCL) को दिल्ली, यूपी और पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस ने 6 आरोपी और 2 CCL दिल्ली से और पंजाब से गिरफ्तार किए हैं। इनके पास से कुल 51.52 लाख रुपये नकद और अपराध से खरीदे गए 3 मोबाइल फोन (कीमत 2.33 लाख रुपये) बरामद हुआ है।
मास्टरमाइंड – पीड़िता के पति का पूर्व कर्मचारी निकला

बीते 19 अगस्त 2026 को सुबह 11:35 बजे अशोक विहार में एक 54 वर्षीय महिला के घर में वारदात हुई। पति के फैक्ट्री और बेटियों के चावड़ी बाजार स्थित दुकान पर जाने के कुछ मिनट बाद ही 2 बदमाश पानी मांगने के बहाने आए। महिला ने गेट खोलते ही बदमाशों ने जबरन घर में घुसकर चुन्नी से पैर बांध दिए, टेप से हाथ-मुंह बांधकर चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद 2 और साथी अंदर आए और 20-25 मिनट तक पूरे घर की तलाशी लेकर नकदी और कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। यह रकम पीड़िता ने बेटियों की शादी के लिए जोड़ रखी थी।

थाना अशोक विहार में FIR No. 0322/2026 U/s 309(4)(5)(6), 311 व 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच में पता चला कि यह कोई तात्कालिक वारदात नहीं, बल्कि एक महीने से की जा रही रेकी का नतीजा थी। CCL (पूर्व कर्मचारी) ने बदले की भावना से पूरी साजिश रची थी। वारदात से एक दिन पहले सभी आरोपियों ने सावन पार्क के एक होटल में रुककर फाइनल रेकी की थी। पहले डिलीवरी बॉय बनकर घुसने की कोशिश की, नाकाम होने पर पानी मांगने का बहाना बनाया।

लूट के बाद सभी आरोपी दिलशाद गार्डन में इकट्ठा हुए, जहां रकम का बंटवारा किया और फिर अलग-अलग दिशाओं में पंजाब की ओर भाग गए।

DCP उत्तर-पश्चिम आकांक्षा यादव, IPS के निर्देशन में ACP ऑपरेशंस रणजीत ढाका और ACP अशोक विहार आकाश रावत की देखरेख में SHO अशोक विहार इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंचार्ज स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। तकनीकी निगरानी, CCTV और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर दिल्ली, गाजियाबाद और अमृतसर में एक साथ छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोचा गया।

गिरफ्तार आरोपी व बरामदगी:

  1. नमन शर्मा (24) अशोक विहार – 2.40 लाख बरामद
  2. CCL (मास्टरमाइंड) – भोला मर्डर केस 2023 में भी शामिल
  3. दीपक @ देव (24) गाजियाबाद – 22 लाख बरामद
  4. दिनेश @ बल्लू (38) अमृतसर – 6.40 लाख व iPhone 17
  5. अंश शर्मा (22) अशोक विहार – 6 लाख बरामद
  6. साहिल (31) अमृतसर – 8.50 लाख बरामद
  7. CCL – 72,000 बरामद 8. आर्यन @ शेरा (22) अमृतसर – 5.50 लाख, iPhone 17 Pro व OnePlus फोन बरामद
    कुल बरामदगी – 51.52 लाख नकद। शेष रकम व अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *