शालिमार बाग थाना पुलिस ने 81 आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात झपटमार को गिरफ्तार कर 21 जून को हुई झपटमारी का पर्दाफाश किया है। आरोपी के कब्जे से एक पर्स जिसमें सोने की चेन, हीरे का लॉकेट, नथ और हीरे का ब्रेसलेट बरामद हुआ है।
अंकांक्षा यादव, उप पुलिस आयुक्त , उत्तर पश्चिम जिला के मुताबिक 21 जून की शाम करीब 6:30 बजे पीतमपुरा निवासी 41 वर्षीय महिला ने शिकायत दी कि शालिमार बाग में कार पार्क कर लॉक करते समय एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पीछे से आया और उनका हैंडबैग झपटकर फरार हो गया। बैग में लगभग 5 ग्राम की सोने की चेन व हीरे का लॉकेट, 5 ग्राम का सोने का नज़रिया ब्रेसलेट, एक नथ, 15,000 रुपये नकद और बैंक कार्ड व पहचान पत्र रखे थे।
इस संबंध में थाना शालिमार बाग में FIR संख्या 195/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर रामपाल और ACP मुकेश वालिया के निर्देशन में HC कुलदीप सिंह, कांस्टेबल कृष्ण, सुभाष, उत्तम, हरेंद्र और सागर की एक विशेष टीम गठित की गई। स्थानीय सूत्रों और खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार निगरानी और छापेमारी की गई।
मेहनत के बाद आरोपी सचिन @ मोडल पुत्र राम निवास, निवासी सिरसपुर, उम्र 28 वर्ष को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता का झपटा हुआ पर्स जिसमें सोने की चेन, हीरा लॉकेट, नथ और हीरे का ब्रेसलेट तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी सचिन @ मोडल आदतन अपराधी है और पहले से ही झपटमारी, चोरी व लूट के 81 मामलों में संलिप्त है। वह थाना समयपुर बादली का बीसी भी है और आसान पैसे कमाने के लालच में अपराध करता था।
शेष बरामदगी और आरोपी की अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच जारी है।