विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
जिला खेल अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि खेल विभाग हरियाणा द्वारा राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 11 नवंबर से 13 नवंबर 2025 तक जिला अंबाला एवं पंचकूला में किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में तैराकी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल तथा एथलेटिक्स खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में होंगी। उन्होंने जानकारी दी कि जिला झज्जर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग) का ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर, दुल्हेड़ा में 3 नवंबर को प्रातः 10 बजे आयोजित होगा। बैडमिंटन का ट्रायल महर्षि दयानन्द सरस्वती स्टेडियम, झज्जर में 3 नवंबर को प्रातः 9 बजे होगा। तैराकी (स्विमिंग) खेल का ट्रायल बी.एस.एम. स्कूल, बहादुरगढ़ में 4 नवंबर को प्रातः 9 बजे लिया जाएगा। एथलेटिक्स का ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर, तलाव में 4 नवंबर को प्रातः 8 बजे आयोजित किया जाएगा। वहीं, बास्केटबॉल का ट्रायल राजीव गांधी खेल परिसर, डीघल में 4 नवंबर को प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि संबंधित खेलों में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर पहुंचकर ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र की प्रति, एक फोटो तथा मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। इसके बिना किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से अपील की कि वे ट्रायल में भाग लेकर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करें।