दिल्ली : द्वारका में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4000 क्वार्टर बरामद

नई दिल्ली, 12 नवंबर।
नशे पर लगाम, देश को सलाम !!
दिवाली से पहले द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के बड़े गिरोह पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने 80 कार्टन में रखे 4000 क्वार्टर अवैध शराब के साथ एक टोयोटा इटियोस कार जब्त की है। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी फरार है।

डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर जाल बिछाया था।

2 नवंबर की सुबह मुखबिर की सूचना पर टीम ने जाफरपुर कलां इलाके में कार नंबर HR26CFXXXX को रोका। तलाशी में कार से 80 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई।

चालक की पहचान अलीगढ़ निवासी निशांत चौहान (24) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने रिश्तेदार पवन के कहने पर बहादुरगढ़, हरियाणा से दिल्ली और अलीगढ़ में शराब की सप्लाई करता था। कार भी पवन ने ही दी थी।

पुलिस ने जाफरपुर कलां थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत FIR No. 113/2026 दर्ज कर निशांत को गिरफ्तार कर लिया है। फरार पवन की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *