विशेष संवाददाता चिमन लाल
डीजीपी श्री ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाये गए “ट्रेकडाउन अभियान” के तहत बड़ी सफलता
बहादुरगढ़
हरियाणा पुलिस महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन और “ट्रेकडाउन अभियान” के तहत अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झज्जर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह के मार्गदर्शन में थाना आसौदा और सीआईए बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हत्या की गंभीर वारदात में शामिल दो आरोपियों को शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। जानकारी देते हुए थाना आसौदा प्रबंधक निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में दीपक नामक युवक की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि मृतक दीपक रोहद गांव का रहने वाला था। उसके पिता रघुवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा दीपक, आरोपी सोनू निवासी रोहद के साथ घर से बाहर गया था। उसी दिन शाम के समय सोनू ने रघुवीर को फोन कर बताया कि दीपक घायल अवस्था में है और उसे इलाज के लिए रोहतक लेकर आया हुआ है। इसके बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपक को गंभीर चोटों के साथ पाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना आसौदा की पुलिस टीम को शिकायत प्राप्त होते ही आरोपियों के खिलाफ थाना आसौदा में हत्या का मामला दर्ज कर तत्परता से जांच आरंभ की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और स्थानीय स्रोतों की मदद से कम समय में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि दीपक की हत्या उसके ही परिचित साथियों सोनू और चिराग, दोनों निवासी रोहद, ने की थी। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि तीनों आपस में पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर मनमुटाव चल रहा था। इसी रंजिश के चलते सोनू ने दीपक को योजनाबद्ध तरीके से घर से बुलाया और बाद में अपने साथी चिराग और अन्य साथियों के साथ मिलकर दीपक की चाकू से हत्या कर दी। थाना आसौदा की पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने अपने एक और साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद करने की दिशा में भी कार्यवाही तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि “ट्रेकडाउन अभियान” के तहत हरियाणा पुलिस का उद्देश्य गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को शीघ्रता से पकड़ना और समाज में भयमुक्त वातावरण बनाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के चलते उपरोक्त मामले के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी चिराग को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी सोनू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे अन्य संभावित सहयोगियों, वारदात में प्रयुक्त वाहन और हथियार के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।